बुलंदशहर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के निर्देश पर जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी एवं अवैध भंडारण पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में उपजिलाधिकारी सदर दिनेश चन्द एवं क्षेत्राधिकारी नगर प्रखर पाण्डेय ने थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में स्थित इंडेन गैस गोदाम का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गोदाम में रखे गैस सिलेंडरों के भंडारण, सुरक्षा व्यवस्था तथा संबंधित अभिलेखों की गहनता से जांच की। साथ ही गैस गोदाम संचालकों को निर्देश दिए कि घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति केवल अधिकृत उपभोक्ताओं को ही की जाए और किसी भी स्थिति में कालाबाजारी या अवैध बिक्री न होने दी जाए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या अवैध भंडारण की शिकायत मिलती है तो संबंधित के खिलाफ पुलिस व प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान पुलिस व प्रशासनिक टीम भी मौजूद रही
