संवाददाता- राजकुमार प्रजापति
गुलावठी,बुलंदशहर। दिल्ली में कांग्रेस द्वारा प्रस्तावित कार्यक्रमों के मद्देनजर प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए बृहस्पतिवार सुबह कांग्रेस के नगर अध्यक्ष साकिब मुकद्दम को उनके आवास पर पुलिस निगरानी में रखा। उनके घर पर थाना गुलावठी पुलिस की मौजूदगी रही और सुरक्षा कारणों से उन्हें आवास से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई।प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, संभावित विरोध-प्रदर्शनों और कानून-व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखते हुए जिले के कई प्रमुख कांग्रेस नेताओं की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में साकिब मुकद्दम व कांग्रेस युवा नेता सैय्यद उस्मान इरफान व जकी के आवास पर भी पुलिस बल तैनात किया गया।
बताया जाता है कि वह पूर्व में दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित कांग्रेस के धरना-प्रदर्शनों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते रहे हैं।इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए साकिब मुकद्दम ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल का संवैधानिक अधिकार है। उनका आरोप है कि राजनीतिक विरोध की आवाज को नियंत्रित करने के उद्देश्य से प्रशासनिक शक्तियों का प्रयोग किया जा रहा है।उधर, स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी इस कदम पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण विरोध लोकतंत्र की मूल भावना का हिस्सा है और किसी जनप्रतिनिधि अथवा राजनीतिक पदाधिकारी को एहतियात के नाम पर घर तक सीमित करना उचित नहीं माना जा सकता।वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दृष्टि से की गई है। प्रशासन का उद्देश्य किसी भी संभावित अप्रिय स्थिति को रोकना और जिले में शांति बनाए रखना है।सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में प्रस्तावित कार्यक्रमों को देखते हुए जिले के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन लगातार हालात की निगरानी कर रहा है तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
