एडीओ का 1 घंटे में सप्लाई बहाल करने का आश्वासन, खबर लिखे जाने तक अंधेरा कायम
गुलावठी। नगर के मोहल्ला फजरुल्लाह शराफ़तुल्ला के विद्युत उपभोक्ताओं ने शनिवार को लगातार बिजली कटौती को लेकर बिजली घर पहुंचकर विद्युत विभाग के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि पिछले लगभग एक माह से मोहल्ले में रात-दिन कई-कई घंटे अघोषित बिजली कटौती की जा रही है।
सुबह 11 से रात 12 बजे तक गुल रही लाइट
स्थानीय लोगों ने बताया कि शनिवार को भी सुबह 11 बजे से रात 12 बजे तक यानी करीब 13 घंटे बिजली गायब रही। भीषण गर्मी में बच्चे-बुजुर्ग बेहाल हो गए। इन्वर्टर भी जवाब दे गए। रोष जता रहे उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि अब लंबे समय के लिए बिजली कटौती हुई तो मोहल्ले का कोई भी उपभोक्ता बिल नहीं भरेगा।
कांग्रेस नगर अध्यक्ष के हस्तक्षेप पर एडीओ ने दिया आश्वासन
उपभोक्ताओं के रोष को देखते हुए कांग्रेस के नगर अध्यक्ष साकिब मुकद्दम व फैजान इलाही ने मौके पर पहुंचकर SDO से फोन पर बात की और बिजली कटौती की जानकारी दी। इस पर एडीओ ने एक घंटे के भीतर बिजली सुचारू करने का आश्वासन दिया।
हालांकि समाचार लिखे जाने तक मोहल्ले की बिजली बहाल नहीं हो सकी थी। उपभोक्ताओं में विभाग के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है।
