बुलंदशहर, आनन्द शर्मा। अनूपशहर में चार करोड़ की लागत से बन रहे कस्तूरबा विद्यालय के निर्माण में घटिया सामग्री लगाए जाने की शिकायत पर गुरुवार को अधिशासी अभियंता आरईएस विनीत चौधरी एवं एसडीओ पूरन सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की। ग्रामीणों ने मौके पर घटिया निर्माण सामग्री का विरोध जताते हुए कार्य रुकवाया।दो दिन पूर्व ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को शिकायत भेजकर आरोप लगाया था कि विद्यालय के प्लास्टर में डस्ट की जगह खराब मिट्टी व रेत का उपयोग किया जा रहा है तथा पीलाई बोर्ड में डुप्लीकेट सामग्री लगाई जा रही है। साथ ही फर्श निर्माण में पत्थरों की मोटी रोड़ी व सीमेंट का प्रयोग भी नहीं किया जा रहा है।मौके पर मौजूद अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा मेरठ मंडल अध्यक्ष एवं कोऑर्डिनेटर ज्ञानेंद्र सिंह राघव, ग्राम प्रधान राय सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक कुशवाह ने अधिशासी अभियंता से ठेकेदार के विरोध में निर्माण कार्य रुकवाकर घटिया प्लास्टर उखाड़ने, कच्चा फर्श तोड़ने एवं डुप्लीकेट पीलाई बोर्ड बदलने की मांग की।अधिशासी अभियंता विनीत चौधरी ने बिंदुवार जांच कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। वहीं शिकायतकर्ता ज्ञानेंद्र सिंह राघव ने चेतावनी दी कि यदि घटिया सामग्री का उपयोग बंद कर गुणवत्ता सुधार नहीं किया गया, तो जिलाधिकारी बुलंदशहर से कमेटी बनाकर जांच की मांग की जाएगी। जांच के दौरान ग्राम प्रधान राय सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक कुशवाह, मंडल अध्यक्ष ज्ञानेंद्र उपस्थित रहे

