संवाददाता/उमैर आब्दी
बुलंदशहर,गुलावठी। लॉरेन्स एकेडमी में शुक्रवार, 14 नवम्बर को बाल दिवस का आयोजन खास अंदाज़ में मनाया गया। सुबह से ही स्कूल का माहौल बच्चों की हंसी, जोश और उत्साह से गुलज़ार रहा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्कूल परिसर में लगाया गया विशाल टेडी बियर रहा, जिस पर बच्चे उछल–कूद करते हुए खूब आनंद लेते दिखे। बच्चों में इस बड़े टेडी को लेकर भारी उत्साह रहा और उन्होंने इसे भरपूर एन्जॉय किया।
बाल दिवस देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस पर मनाया जाता है। नेहरू जी बच्चों से अत्यधिक प्रेम करते थे और उन्हें देश की अमूल्य पूँजी व भविष्य की आधारशिला मानते थे। उसी भावना के साथ लॉरेन्स एकेडमी में भी यह दिन विशेष रूप से समर्पित रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षकों व विद्यार्थियों द्वारा पंडित जवाहरलाल नेहरू की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद शिक्षकों ने बच्चों को टॉफियाँ और चॉकलेट वितरित कीं। मिठाई पाकर बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान पूरे वातावरण में खुशियों का रंग घोल गई।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक श्री शोएब मेवाती ने कहा—“लॉरेन्स एकेडमी का सबसे बड़ा गर्व हमारे बच्चे हैं। उनकी मुस्कान और उनका उत्साह हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत है। बाल दिवस केवल एक दिवस नहीं बल्कि यह याद दिलाने का अवसर है कि बच्चों का बचपन सुरक्षित, खुशहाल और प्रेरणादायक बनाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।”
प्रधानाचार्या श्रीमती सतपाल कौर ने भी बच्चों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा—“हर बच्चा अद्वितीय है और अपनी अलग चमक लेकर दुनिया में आता है। हमारा प्रयास है कि हम उन्हें ऐसा वातावरण दें जिसमें वे निडर होकर सीखें, अपनी प्रतिभा को पहचानें और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। आज बच्चों की खुशी देखकर हमारा प्रयास सफल होता दिखाई देता है।”
पूरे कार्यक्रम में नृत्य, खेल और मनोरंजक गतिविधियों ने बच्चों का दिन खास बना दिया। स्कूल कैंपस पूरे दिन बच्चों की चहल-पहल, हंसी और जोश से गूँजता रहा। बाल दिवस का यह आयोजन बच्चों के लिए यादगार और उत्साहपूर्ण अनुभव लेकर आया।
समाचार विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें~8006654108

