बुलंदशहर,फैसल चौधरी। जिला कृषि औद्योगिक एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी बुलंदशहर(नुमाइश) में इस बार दर्शकों के लिए कुछ खास और अनोखा देखने को मिला। रविवार को नुमाइश परिसर में पहली बार जलपरी शो आयोजित किया जा रहा है। इस शो में रसियन जलपरियां अपने हैरतअंगेज करतबों से दर्शकों को रोमांचित कर रही हैं।
नुमाइश में आने वाले बच्चों से लेकर बड़े तक इस जल परियों के दृश्य का आनंद ले रहे हैं वहीं कई वर्ष बाद नुमाइश में लगे सर्कस के कलाकारों ने अपने करतब दिखाकर लोगों को हैरत में डाल रखा है। रविवार की रात को नुमाइश परिसर में हुल्लड़ बाजार, बॉम्बे बाजार, भगवानदास बाजार, गुम्बद के पास चूर्ण बाजार, सुरमा बाजार में लोगों ने जमकर खरीदारी की।

ठेकेदार अहसान गाज़ी ने संवाददाता को बताया कि प्रशिक्षित जलपरियां दिन में निर्धारित समय पर शो प्रस्तुत करती हैं। यह शो पूरी तरह सुरक्षित है। जल परियां पानी के अंदर विभिन्न मुद्राओं और कलाबाजियों का प्रदर्शन करती हैं, जो दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देती हैं साथ ही उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से प्रदर्शनी में सुरक्षा और स्वच्छता के सभी मानकों का विशेष ध्यान रखा गया है।

इसके अलावा मौत का कुआं, विभिन्न प्रकार के झूले, मंचों पर होने वाले शो भी दर्शकों को यादगार अनुभव देंगे। वहीं नुमाइश में उपलब्ध सुविधाओं को लेकर आगंतुक सरकार व प्रशासन की खुले दिल से सराहना करते नजर आए।
